नई दिल्ली. दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची बुधवार को जारी की। इसमें सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी शामिल हैं। बयानबाजी के चलते अकसर विवादों में रहने वाले नवजोत सिद्धू का नाम इस फेहरिस्त में चौंकाने वाला है। वो पंजाब मंत्रिमंडल से भी इस्तीफा दे चुके हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह के अलावा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ भी कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शामिल हैं। दिल्ली में 8 फरवरी को मतदान होगा। नतीजे 11 फरवरी को आएंगे।
लंबे वक्त बाद सिद्धू की वापसी
नवजोत सिद्धू भाजपा से कांग्रेस में गए। कई बार विवादित बयानों की वजह से चर्चा में रहे। अगस्त 2018 में वो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। पाक आर्मी चीफ कमर जावेद बाजवा के साथ गले मिलने पर उनकी देश में कड़ी आलोचना हुई। कांग्रेस ने भी सिद्धू से पल्ला झाड़ लिया था। वो पंजाब सरकार में मंत्री थे। सीएम अमरिंदर ने उनका विभाग बदला तो सिद्धू ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद वो सार्वजनिक तौर पर बहुत कम नजर आए। स्टार प्रचारकों की सूची में उनका नाम चौंकाने वाला है।
पायलट भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में
गांधी परिवार, मनमोहन सिंह और सिद्धू के अलावा भी कई प्रमुख चेहरे कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची में हैं। इनमें कैप्टन अमरिंदर सिंह के अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और पुड्डुचेरी के सीएम वी. नारायणसामी शामिल हैं। राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट भी युवा चेहरे के तौर पर सूची का हिस्सा हैं। खास बात यह है कि भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा को भी लिस्ट में जगह दी गई है। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी और राज बब्बर के अलावा कपिल सिब्बल भी सूची में हैं।