केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को चुनाव आयोग ने नोटिस दिया, रैली में ‘देशद्रोहियों को गोली मारो’ का नारा लगाया था

नई दिल्ली. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के विवादित बयान पर चुनाव आयोग ने मंगलवार को नोटिस जारी किया। आयोग ने ठाकुर से 30 जनवरी को दोपहर 12 बजे तक जवाब दाखिल करने को कहा है। सोमवार को केंद्रीय मंत्री की रिठाला में हुई रैली का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वह 'देशद्रोहियों को गोली मार दो' कहते हुए सुनाई दे रहे थे। अनुराग के बयान पर कांग्रेस ने सवाल उठाए थे। पार्टी ने कहा था कि एक केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री का यह बयान ध्रुवीकरण की कोशिश है।


इस मामले पर दिल्ली के निर्वाचन अधिकारी ने रिठाला विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर से रिपोर्ट मांगी थी। हालांकि रैली के बाद जब अनुराग ठाकुर से नारे पर सवाल किया गया, तो उन्होंने रिपोर्टरों को पूरा वीडियो देखकर दिल्ली की जनता का मूड भांपने की सलाह दी थी। 


भाजपा बोली- शाहीन बाग में धरने पर बैठे ज्यादातर लोग पाकिस्तान-बांग्लादेश के


इधर, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने कहा कि दिल्ली के शाहीन बाग और कोलकाता के पार्क सर्कस में धरने पर बैठे ज्यादातर लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठिए हैं। उन्होेंने सोमवार को कहा, “यह लोग (प्रदर्शनकारी) बच्चों और महिलाओं को ढाल बना रहे हैं। हालिया वीडियो में साफ हुआ है कि वे भारत को बांटना और असम को देश से तोड़ना चाहते हैं। क्या इस देश के लोग कभी देश को बांटना चाहेंगे? 


राहुल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी सीएए के विरोध में प्रस्ताव पास करने पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ममता की सरकार संविधान के तहत बनी है और सीएए के खिलाफ प्रस्ताव पास कर उन्होंने उसी संविधान का अपमान किया है। 


कपिल मिश्रा पर ‘भारत बनाम पाकिस्तान’ वाले बयान के लिए लग चुका है प्रतिबंध


पिछले महीने कपिल मिश्रा ने भी कनॉट प्लेस में हुई भाजपा की तिरंगा रैली में यही नारा लगवाया था। हालांकि, दिल्ली भाजपा ने कपिल के बयान से पल्ला झाड़ लिया था। कपिल को भाजपा ने मॉडल टाउन से टिकट दिया है। पिछले हफ्ते ही चुनाव आयोग ने उन पर ट्वीट में आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने के लिए 48 घंटे का बैन लगाया था। कपिल ने कहा था कि 8 फरवरी (दिल्ली चुनाव) के दिन भारत बनाम पाकिस्तान का मुकाबला होगा।